Gavendra Deshmukh 16thFebruary 2020
जिला मुख्यालय सुनते ही हमें ऐसा लगता है बीजापुर एक विकासशील शहर होगा। जबकि शहर से लगभग चार या पांच किलोमीटर दूर के गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। विकास के पैमाने में बीजापुर के गांव आज भी हमसे काफी पीछे चल रहे हैं।
भैरमगढ़ तहसील के ग्राम पंचायत बिरियाभूमि के सरपंच के छोटे भाई और पिताजी की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। श्री रविंदर परसा 2015 से ग्राम पंचायत बिरियाभूमि के सरपंच हैं। वे बिरियाभूमि पंचायत के हिंगुम गांव के निवासी हैं। अब अपने गांव से 20 किलोमीटर दूर भैरमगढ़ में एक छोटे किराए के मकान में रहते हैं। उनके साथ उनकी मां, पत्नी, बहन और छोटे भाई रहते हैं।
रविंदर बताते हैं कि जब से वह सरपंच बने हैं, उन पर लगातार नक्सलियों का दबाव रहता है। नक्सली किसी भी विकास कार्य का समर्थन नहीं करते हैं। किसी भी सरकारी योजना या निर्माण कार्य का समर्थन करने पर धमकीयाँ मिलती हैं। ऐसे ही कई सरपंचों को मार भी दिया गया।
उनके भाई और पिताजी के मौत से पहले रविंदर का परिवार गांव में बड़े सुकून से रहता था। गांव में उनकी 46 एकड़ की खेती है। रविंदर के पिता महारु परसा की दो पत्नियां थी। बड़ी पत्नी आरती प्रसाद से उन्हें तीन बच्चे हैं। छोटी पत्नी के कुल 5 बच्चे थे जिनमें रविंदर सबसे बड़े हैं। रविंदर के बाद जयमती हैं, उनके बाद दीपक जिन्हें नक्सलियों द्वारा मार दिया गया था। दीपक के बाद लक्ष्मीनाथ और कृष्णा दो छोटे भाई हैं, जो क्रमशः कक्षा 12वीं और सातवीं की पढ़ाई कर रहे हैं। रविंदर से जब हमने घटना के बारे में पूछा, वे बताते हैं सरपंच बनने के बाद किसी ना किसी काम से तहसील कार्यालय भैरमगढ़ या ज़िला मुख्यालय बीजापुर जाना-आना लगा रखा था। बाहर आने जाने से नक्सलियों को शक होता था कि वह पुलिस का मुखबिर तो नहीं है। इसी शक में एक बार मुझे घर से ले गए और बेरहमी से पीटा था। मेरे पैरों में धारदार हथियारों के निशान आज भी हैं
रविंदर के छोटे भाई दीपक जो तेंदपूत्ता खरीदी का काम करते थे। एक बार वे पत्ता खरीदने गये और रात को जाने से वहीं पत्तापाडी (जहाँ पत्ते ख़रीदे जाते हैं) में ही रुके । वहीं पास कुछ नक्सली भी रुके थे। उसी रात पुलिस ने हमला कर उनमें से कुछ नक्सलियों को मार दिया। इस घटना के बाद नक्सलियों का शक रविंदर और उनके परिवार पर और ज्यादा बढ़ गया। इस घटना के 3-4 महीने बाद वे उनके घर आए और दीपक, रविंदर और उनके पिता महारू परसा को ले गए। रविंदर बताते हैं कि उन्होंने उनके हाथ जानवरों की तरह बांध दिए थे और आंख में पट्टी बांधकर ले गए। तीनों बाप बेटों से 1 दिन और एक रात की पूछताछ के बाद वे उनको लेकर वापस गांव आए।
रविंदर बताते हैं कि तब भी उनकी आंखें बंधी हईु थीं। सब कुछ समझ आ रहा था कि क्या हो रहा है। उन्होंने एक-एक करके घर से सारा सामान लूट लिया। उनका अंदाजा है कि वह लगभग 100 लोग रहे होंगे। उन्होंने घर में कुछ भी नहीं छोड़ा था। सारे बर्तन जानवर सब कुछ लूट लिया था।
Share on facebook Facebook Share on twitter Twitter Share on whatsapp WhatsApp