Victims Register

हिंसा ने अपने ही घर से दूर कर दिया...

Published 27 February 2021

Gavendra Deshmukh, 27thFebruary 2021

छत्तीसगढ़ का कोंडागांव ज़िला बस्तर हस्तशिल्प के केंद्र के नाम से जाना जाता है। बस्तर में चल रही हिंसा से बस्तर की कला और शिल्प भी प्रभावित हुए हैं।

कोंडागांव शहर में कुछ परिवार हैं, जो इस हिंसा से सीधे प्रभावित हुए हैं। रामू यादव मर्दापाल के पास मूढीपदर गांव के निवासी हैं। रामू साल 2008 से कोंडागांव में रह रहे हैं।

रामू 2008 से पहले तक नक्सली रहे, 2008 में उन्होंने जगदलपुर आई.जी. से मिलकर आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण के बाद उनका गांव जाना सुरक्षित नहीं था, इसलिए आई जी के सुझाव पर उन्होंने पुलिस के सहयोग का निर्णय लिया। उन्होंने 2008 से एसपीओ के रूप में काम करना शुरू किया, तब उन्हें 3 हज़ार रुपये प्रति माह की तनख्वा मिलती थी।

रामू की मां बहन और भाभी गांव में ही रहते हैं। रामू अपने परिवार के साथ सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए मकान में रहते हैं। अब वे एसपीओ से गोपनीय पुलिस हो गए हैं, उनकी तनख्वाह ₹10000 प्रतिमाह है।

उनके 4 बच्चों में 18 साल का चरण सबसे बड़ा है। चरण ने सातवीं कक्षा तक पढ़ने के बाद पढ़ाई छोड़ दी, घर चलाने में पिता की मदद के लिए वह मजदूरी करता है। उनकी बेटी मीना 12 साल की है, मीना घर के काम में मां की मदद करती है, मीना कभी स्कूल नहीं गई।उस से छोटी तीमन कक्षा तीसरी में पढ़ती है और सबसे छोटी बेटी अभी 5 महीने की है।

रामू को हिंसा के कारण अपना घर छोड़ना पड़ा, उनके पास रहने का कोई स्थाई ठिकाना नहीं है। जो सरकारी कमरा मिला है उसका कोई कागज उन्हें नहीं मिला। जो मकान उपलब्ध कराए गए हैं, उन मकानों की स्थिति भी बहुत ठीक नहीं है।

रामू 12 साल से पुलिस को गोपनीय पुलिस के रूप में सेवा दे रहे हैं। वह चाहते हैं उन्हें आरक्षक का पद दिया जाए, ताकि उनके और उनके परिवार की दिक्कतें खत्म नहीं पर कम हो सके।

Share on facebook Facebook Share on twitter Twitter Share on whatsapp WhatsApp