Gavendra Deshmukh, 23rdFebruary 2021
निरधत यादव कोण्डागांव के अलबेड़ा पारा में रहते हैं। निरधत तीन साल से कोण्डागांव में रह रहे हैं। इससे पहले के मर्दापाल से 20 किलोमीटर दूर कुदुर गांव में रहते थे।
वे बताते हैं कि आज से तीन साल पहले 2018 में उनके भाई की नक्सलियों द्वारा हत्या कर दी गई। उनका भाई गांव में नहीं रहता था, वह पुलिस विभाग में जी.एस. था। भाई के पुलिस में होने की जानकारी न निरधत को थी और न ही परिवार के किसी सदस्य को।
नक्सलियों द्वारा उनके भाई नीलाराम यादव की हत्या के बाद एक पर्चा जारी किया गया। पर्चे में साफ था कि उनके पुलिस विभाग में बतौर जी.एस. कार्य करने के कारण उन्हें मारा गया था। इस बात की पुलिस ने पुष्टि भी की है।
नीलाराम के अंतिम संस्कार के दौरान नक्सलियों ने निरधत को गांव छोड़ने की धमकी दी, गाँव न छोड़ने पर उन्हें घर सहित आग लगा देने की बात कही। उनकी पत्नी बतातीं हैं की जब वे घर से निकले केवल 2 किलो इमली आधारकार्ड और कुछ कपड़े लेकर ही निकले थे। उस समय कुछ नहीं सूझा और समय भी इतना नहीं था, उस जगह से जान बचा कर निकलना ही हमारे लिए ज्यादा ज़रूरी था।
निरधत कुछ समय कोण्डागांव के नहर पारा में किराये के माकन में रहे रहे। वर्तमान में वह अलबेड़ा पारा में किराये के मकान में रहते हैं। उनके साथ उनकी 9 साल की बेटी और पत्नी रहती हैं। उनकी बेटी अभी तीसरी कक्षा में पढ़ती हैं। निरधत जब कोण्डागांव आए थे तब उन्हें 30 हजार की सरकारी सहायता मिली थी।
निरधत मजदूरी कर घर चलाते हैं। कोरोना की शुरूआत में लॉकडाउन के दौरान काम नहीं होता था, रोजी रोटी से पेट भरने वाले इस परिवार के लिए पेट भर खाना काम करने से ही आता था। काम नहीं होने के कारण वे कई रात भूखे सोए। कई बार वे आस-पास में मैंदानों से चरोटा भाजी लाकर पेट भर लेते, कभी थोड़ा चावल पकाकर ईमली के साथ गुजारा करना पढ़ता था।
निरधत के गांव में उनकी आठ एकड़ जमीन है, निरधत जब गाँव में थे तब इन्ही खेतों में मेहनत कर अपना घर चलते थे, जंगल और खेतों से लगभग सारा ज़रूरी सामान मिल जाया करता था। वे चाहते हैं, कि सरकार उन्हें रहने के लिए मकान उपलब्ध कराये और कोई रोजगार भी। वे आगे कहते हैं सरकार उन्हें काम और घर नहीं दिला सकती तो इस हिंसा को रोकने का कोई हल निकाले ताकि वह घर जाकर पहले की तरह खुशहाल ज़िन्दगी जी सके।
Share on facebook Facebook Share on twitter Twitter Share on whatsapp WhatsApp