Victims Register

मेरे पास मेरे मां-बाप की कोई निशानी भी नहीं है

Published 8 February 2021

Gavendra Deshmukh,Purnima Sahu 08thFebruary 2020

नागेश सोढ़ी एक मजदूर है। नागेश जेलवाड़ा शिविर बीजापुर में रहते हैं। नागेश का मूल निवास- ग्राम गलगम, तहसील उसूर है। सलवा जुडूम की सक्रियता के बाद उनके पिता जी को नक्सलियों ने मार दिया था। कुछ साल बाद उन्होंने उनकी मां को भी मार दिया।

नागेश बताते हैं, सन 2000 में उनके गांव में नक्सली गतिविधियां बढ़ने लगी थी। इन सब से डर कर उनके पिता मंगलू बीजापुर आकर रहने लगे। 2 साल बाद सन 2002 में नक्सलियों ने गांव वालों द्वारा संदेश भेजकर उन्हें गांव वापस बुलाया। मंगलू गांव वापस आए और अपनी खेती बाड़ी का काम करने लगे। उनके पास तब 15 एकड़ जमीन थी। जंगल और खेती के सहारे मंगलू अपनी पत्नी और पुत्र नागेश के साथ सुख से जीवन बिता रहे थे।

उनका मकान काफी पुराना। इन 3-4 साल में मंगलू ने कुछ पैसे जमा किए थे। वह अपने घर को फिर से बनाना चाहते थे। तैयारियों में जुटे हुए थे, मकान बनाने के लिए जरूरी सामान भी जुटा चुके थे। उस वक्त नागेश की उम्र 7 वर्ष थी।नागेश बताते हैं कि 2005 की एक सुबह कुछ लोग उनके यहां साइकिल पर आए। तब वे घर के पास ही महुए के पेड़ से महुआ इकट्ठा कर रहे थे। साइकिल वाले उनके पिताजी को वहां से ले गए। महेश के लिए यह सब आम था। पिताजी के जाने के बाद भी खेलकूद और महुआ इकट्ठा करने में लगे रहे। थोड़ी ही देर बाद कुछ लोग उनकी मां को बुला कर ले गए। मां के जाने के बाद भी नागेश खेलकूद में लगे रहे। तभी कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि उनके पिताजी की हत्या कर दी गई है।

नागेश बताते हैं कि उनके पिताजी को बुलाकर पास के गांव ले जाया गया। वहां जन अदालत लगाकर उनके पिता पर पुलिस समर्थन का आरोप लगाया गया। जन अदालत ने पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाकर उन्हें मौत की सजा सुनाई और मार दिया। नागेश की मां वहां पहुंच चुकी थी। जब नागेश वहां पहुंचे तो देखा उनके पिता को बड़ी बेरहमी से मार कर फेंक दिया गया था। शरीर के कई टुकड़े कर दिए गए थे। नागेश रोते हुए कहते हैं कि हम शिकार से जानवर को भी इतनी बुरी तरह मारकर नहीं लाते जैसा उन्होंने मेरे पिता को मारा था। चेहरा भी पहचानने लायक नहीं था। उनकी आंखें निकाल ली गई थीं, शरीर कई टुकड़ों में बिखरा हुआ पड़ा था। जैसे तैसे उनकी लाश को हम घर तक लाए। उनका अंतिम संस्कार किया।

नागेश और उसकी मां के लिए यह समय बहुत मुश्किल था। उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या किया जाना चाहिए। कुछ ही दिनों में उनकी मां और नागेश कुछ लोगों के साथ डर से गांव छोड़कर चले गए। अपने जानवर भी साथ लेकर गए थे और जंगल के रास्ते आंध्रप्रदेश राज्य की सीमा के जंगलों में रहने लगे। 1 साल जंगल में रहने के बाद गांव वापस लौटे। जब गांव वापस लौटे तो देखा कि घर से सब कुछ लूटा जा चुका था। नया घर बनाने के लिए जो सामान मंगाया गया था सब कुछ नक्सली ले गए थे। घर के छोटे बर्तन से लेकर हर एक सामान लूट लिया गया था। उनके पास उनके जानवरों के अलावा कुछ भी नहीं था। उनके खेतों में भी नक्सलियों ने कब्जा कर लिया था। नक्सली ही उनके खेतों में अनाज उगाया करते थे और सारा अनाज अपने साथ ले जाया करते थे। गांव लौट कर जीवन यापन भी बहुत मुश्किल हो गया था। कोई गांव से आसपास के गांव भी नहीं जा सकता था या शहर जाने पर भी लोगों को मार दिया जाता था।

नागेश की मां के लिए अपना और अपने बेटे का भरण-पोषण कर पाना काफी मुश्किल था। ऐसे में नागेश ने फैसला किया कि उन्हें भी कोई काम करना चाहिए। वे अपनी जान पहचान के एक आदमी के यहां पास के गांव में काम करने गए। नागेश वहां उनके जानवरों की देखरेख किया करते थे। इसके अलावा घर का सारा काम और खेती में भी मदद करते थे। इसके बदले में वे उन्हें दो वक्त का खाना देते थे। नागेश ने लगभग 4 साल वहां काम किया और जब वह 4 साल बाद वहां से जाने लगे तब उन्होंने केवल ₹4000 दिए। 4 साल दिन रात मेहनत करने की कमाई सिर्फ ₹4000 थी।

नागेश चाहते थे कि वह कुछ अच्छा काम करें, अपने और अपनी मां की जिंदगी को ठीक करें। वे वहां से भागकर बीजापुर आ गए। बीजापुर में मजदूरी करने लगे, ठेकेदार के साथ ही रहते थे। यहां रहते-रहते कुछ पैसे कमा लेते थे। इन पैसों से उनका जीवन भी पहले से ठीक ठाक चलने लगा। वह अपनी मां को भी पैसे भेजा करते थे।नक्सली उसे गांव वापस बुलाने के लिए बार-बार संदेश भेज रहे थे। नागेश मार दिए जाने के डर से गांव लौट कर नहीं गए। इसी बीच एक रोज पता चला कि उनकी मां को भी मार दिया गया है। नागेश जानते थे, अगर वह अभी गांव गए तो उन्हें भी मार दिया जाएगा। वे गांव नहीं लौटे।

नागेश बताते हैं कि उनके पास उनके मां-बाप की कोई भी निशानी नहीं है। ना कोई फोटो, ना घर का कोई जानवर और ना ही कोई जमीन। अब नागेश का सब कुछ खत्म हो चुका था। नागेश के पास अपने पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र भी नहीं है।  उन्हें आज तक कोई सरकारी मदद भी नहीं मिली है।

नागेश के कुछ रिश्तेदार तब सुकमा में रहा करते थे। नागेश ने उनसे संपर्क किया और सुकमा चले गए। वे सुकमा में 1 साल रहे और वहां से शादी कर वापस बीजापुर लौटे। नागेश के दो छोटे बच्चे हैं, एक की उम्र 6 वर्ष और एक अभी ढाई वर्ष का है। नागेश चाहते हैं कि वह अपने बच्चों को पढ़ाएं। उन्हें डर है कि मजदूरी से कमाए हुए पैसों से वह अपने बच्चों को कितना पढ़ा पाएंगे? नागेश अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ बीजापुर के जेलवाडा शिविर के पास रहते हैं। यहां उन्होंने छोटा घर बनाया हुआ है।

नागेश कहते हैं कि अगर उनके इलाके में शांति हो, सब कुछ पहले जैसा हो तो वापस अपने गांव जाकर खेती-बाड़ी करना चाहते हैं। अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देना चाहते हैं। फिर बताते हैं कि यहां उनका कोई सहारा नहीं है। मजदूरी से ही घर चलता है और एक छोटा जो ठिकाना बनाए हैं। ना उसका पट्टा है ना कोई और कागज। मिट्टी के इस घर का नगर पालिका को सालाना 300 रुपये टैक्स भी देना पड़ता है।

Share on facebook Facebook Share on twitter Twitter Share on whatsapp WhatsApp