Victims Register

"मुझे गांव, नौकरी और सरपंच पद छोड़ना पड़ा..."

Published 9 February 2021

Gavendra Deshmukh 9thFebruary 2020

बीजापुर से बासागुड़ा मार्ग पर बीजापुर से 17 किलोमीटर दूर ग्राम आवापल्ली है। आवापल्ली में पुलिस थाने के पास नक्सल पीड़ित शिविर है। इस शिविर में लगभग 100 पीड़ित परिवार रहते हैं। इनमें से ज्यादातर परिवारों से किसी सदस्य की हत्या की गई है, कुछ ऐसे परिवार भी हैं जिन्हें डराया या गांव से निकाला गया है।

महेंद्र कचलाम जो 2006 में एंगपल्ली से आवापल्ली शिविर आकर रहने लगे। महेंद्र 2005 में एंगपल्ली के सरपंच थे। उनके सरपंच बनने के बाद नक्सली उन पर नजर रखा करते थे, कई बार उन्हें चेतावनी भी दी गई थी। इसी बीच एक बार महेंद्र और गांव के सचिव को नक्सलियों ने बुलाया, नक्सलियों ने उन्हें तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा। उन्होंने उनके साथ मारपीट की थी, दोनों को गंभीर चोटें आई थी। ग्राम सचिव घटना में मिली चोटों से उबर नहीं पाए, कुछ दिनों बाद वह नहीं रहे।

महेंद्र इलाज के बाद वापस गांव गए। उन्हें 1 साल तक कहीं जाने आने नहीं दिया जाता था। इस दौरान नक्सलियों ने महेंद्र का घर भी लुटा था। उनके सारे पालतूपशु, बर्तन, कपड़े सब कुछ लूटा जा चुका था। घटना के 1 साल बाद उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहा गया। उनके पास कोई रास्ता नहीं था, उन्हें सरपंच पद से इस्तीफा देना पड़ा।

महेंद्र बाद में रोजगार सहायक बने, उन्हें उनके ही गांव में नियुक्ति मिली। रोजगार सहायक रहते हुए उन्हें गांव आना-जाना पड़ता था। उन्होंने इस बारे में कई बार प्रशासन से अपील की, कि उन्हें कोई दूसरी जगह भेजा जाए। नक्सलियों के डर से मनेंद्र का गांव जाना कम ही होता था, साल 2010 में उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया।

शिविर के अन्य लोग बताते हैं, रोजगार सहायक की नौकरी जाने के बाद महेंद्र की मानसिक स्थिति ख़राब होने लगी थी। वह अपना मानसिक संतुलन पूरी तरह खो चुके थे। वे तीन-चार साल तक इसी स्थिति में रहे।

महेंद्र को लूटे गए सामान का मुआवजा अब तक नहीं मिला है। उन्हें अब तक कोई और सरकारी सहायता भी नहीं मिली है। महेंद्र अभी सिलाई का काम करते हैं। उनके तीन बच्चे हैं, बड़ी लड़की है जो बीजापुर में ट्रैक्टर शोरूम में काम करती हैं। बेटा राजेंद्र और बेटी जोगमाया 12वीं पास हैं। राजेंद्र अभी आवापल्ली में एक दुकान में कंप्यूटर सीख रहा है, उनकी पत्नी अभी भी गांव में ही रहती है।

Share on facebook Facebook Share on twitter Twitter Share on whatsapp WhatsApp