Victims Register

जैसे सर से छाया चली गयी...

Published 11 February 2021

Gavendra Deshmukh, Raju Rana 10thFebruary 2020

धनीराम कोरसा जो ग्राम बरदेला पंचायत बरदेली के निवासी थे। कोरसा पेशे से किसान थे साथ में राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते थे। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य रहे, उन्हें एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता था। कुछ समय पहले उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। पिछले पंचायती राज चुनाव में वे सरपंच पद के प्रत्याशी थे। चुनाव लड़ने के उनके फैसले के बाद से ही इन्हे धमकियां मिलने लगी थी। 1 अक्टूबर 2020 को उन्हें नक्सलियों द्वारा जान से मार दिया गया।

श्रीमती सुकली कोरसा जो धनीराम की पत्नी है। वह बताती हैं कि 31 सितंबर की रात 11 बजे के आसपास कुछ लोगों ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया और कहा कि बहुत जरूरी काम है, दरवाजा खोलिए। दरवाजा खोलते ही वे उनके पति को बाहर ले गए। सुकली तब अपने बच्चों के साथ कमरे में ही थी। जब वह बाहर निकलीं तब उन्होंने देखा बहुत सारे लोग बंदूकों और धारदार हथियारों के साथ उनके आंगन में खड़े हैं। वे उनके पति के साथ हाथापाई कर रहे हैं। उन्होंने यह सब देख उन से विनती की, उन्होंने सुकली के साथ भी हाथापाई की और उन्हें धक्का देकर कमरे में बंद कर दिया। धनीराम और सुकली जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगा रहे थे। पर आस-पास कोई भी नहीं सुन पा रहा था।

सुकली के रोने से उसके बच्चे जाग चुके थे। कुछ समय बाद उन्होंने दरवाजा खुला। दरवाजा खुलते ही सुकली दौड़ कर बाहर देखती है, धनीराम को मार दिया गया था। शव कई तुकडों में आंगन में फैला हुआ था। वह दौड़ कर बाहर निकली और घर की दूसरी तरफ जाकर अपने देवर और घर के बाकी लोगों को उठाया। जब उनके देवर राकेश पास आए तब उन्होंने उसे भी मारने का प्रयास किया। राकेश इतने लोगों से अकेले नहीं लड़ सकते थे, उनके पास जान बचाकर भागने के सिवा कोई दूसरा रास्ता नहीं था। धनीराम को मारने के बाद नक्सली उनके घर की तलाशी लेते हैं, जमीन के पट्टों सहित घर के सारी जरूरी कागजात भी साथ ले जाते हैं।

धनीराम पोरसा अपने परिवार के लिए सब कुछ थे। उनका जीवन सुविधाओं के अभाव में बीता, बचपन से बड़े होते तक उन्होंने हिंसा के माहौल में बहुत कुछ देखा और सीखा था। वे बहुत मेहनती व्यक्ति थे। उन्होंने कुछ ही साल पहले ट्रैक्टर और एक स्कार्पियो भी खरीदा था। वह अपने परिवार और साथ-साथ समाज को आगे बढ़ता देखना चाहते थे, यह बात शायद नक्सलियों को पसंद नहीं थी।

धनीराम के जाने के बाद उनकी पत्नी और उन का छोटा भाई इन परिस्थितियों में खुद को असहाय पाते हैं। धनीराम की मौत के कुछ महीने पहले से उनका सभी तरह का काम कोरोना वायरस के कारण बंद पड़ा था। घर का खर्चा जैसे तैसे चल रहा था। उनके चले जाने से अब वह सारा काम पूरी तरह से रुक गया है। और गाड़ी की किस्त देने के लिए भी उनके पास पैसे नहीं है। राकेश बताते हैं फिनांस कंपनियों द्वारा बार-बार किस्त जमा करने के लिए फ़ोन आता रहत है। पैसे ना होने के कारण अब तक एक भी किश्त नहीं चुका पाए हैं।

उन्हें अब तक कोई भी सरकारी सहायता नहीं मिली है। जिससे उनकी किसी स्थिति को सुधारा जा सके। राकेश बताते हैं, जब तक भैया थे तब तक सारा काम वह ही करते थे। मैं केवल उनका हाथ पटाया करता थाज़ अब सब कुछ अचानक मेरे सर आ गया है। कुछ समझ नहीं आता क्या किया जाए।

धनीराम के तीन बच्चे हैं जिसमें केवल एक बच्चा स्कूल में पढ़ाई करता है, बाकी दो छोटे हैं। जिन्होंने ठीक से अपने पिता को देखा भी नहीं था, धनीराम की पत्नी को उसके पति की मौत के बाद रोजी रोटी के लिए काम पर जाना होता है। वे गांव में ही लोगों के यहां रोजी मजदूरी कर अपने बच्चों के राशन का इंतजाम कर लेती हैं।

धनीराम के भाई बताते हैं कि कई बार मदद के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट चुके हैं, अब तक सरकार से उन्हें केवल आश्वासन घर मिला है। वह ये भी बताते है कि अभी भी उन्हें फ़ोन पर धमकियाँ मिल रही हैं।


Share on facebook
Facebook
Share on twitter
Twitter
Share on whatsapp
WhatsApp