Victims Register

उसे पता है वह अब वापस नहीं लौटेंगे।

Published 18 February 2021

Gavendra Deshmukh, 18thFebruary 2021

छतीसगढ़ का कोंडागांव जिला नक्सल गतिविधियों में बस्तर संभाग के अन्य जिलों से शांत माना जाता है। लम्बे समय से नक्सली इस क्षेत्र में सक्रीय नहीं रहे, पुलिस भी दावा करती है कि नक्सली अब बैक फूट पर हैं। 15 फरवरी की शाम ग्राम चलका के मुर्गा बाज़ार में हुई हत्या ने फिर से नक्सल सक्रियता के संकेत दिये हैं। घटना के बाद आस पास डर का माहौल बन गया है।

कोंडागांव और नारायणपुर जिले की सीमा में 15 फरवरी की शाम नक्सलियों द्वारा एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। युवक का नाम शत्रुघन कोर्राम था। शत्रुघन ग्राम टेमरूगाँव में रहता था। उसका गाँव चलका बाज़ार से पास ही था।

वह साप्ताहिक बाज़ार में गया था, बाज़ार में मुर्गों की लड़ाई देख रहा था। अचानक तीन लोगों ने शत्रुघन के साथ हाथापाई शुरू कर दी, देखते ही देखते उन्होंने उस पर बंदूक से हमला किया। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि गोलियां चलने के बाद बाज़ार में अफरा-तफरी का माहौल हो गया, लोग डर से भागने लगे और मिनटों में ही सैकड़ों की भीड़ वाला बाज़ार सुना हो गया। शत्रुघन की हत्या के बाद हमलावर पैदल ही जंगल की तरफ गये। घटना स्थल बेनूर थाने से कुछ ही दूरी पर है, फिर भी बेख़ौफ़ घटना को अंजाम देना क्षेत्र में नक्सली प्रभाव का नमूना है।

शत्रुघन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, इस मौके पर दो अन्य लोग भी घायल हुए। चलका निवासी बत्ती बाई के पैर और जांघ में गोली लगी, उन्हें इलाज के लिए कोंडागांव ज़िला अस्पताल लाया गया। भिरागाँव निवासी रमेश यादव की हथेली में गोली लगी, उनका इलाज नारायणपुर में चल रहा है। शत्रुघन को मारने के बाद नक्सलियों ने शव के पास एक पर्चा छोड़ा है, पर्चे में शत्रुघन पर आरोप है की वह पुलिस मुखबीर था, इसी कारण उसे मौत की सज़ा दी गयी।

शत्रुघन का परिवार पहले भी इस हिंसा में एक सदस्य खो चूका है, बजरी शत्रुघन की माँ हैं, वह बताती है कि शत्रुघन के पिता मेघनाथ राजनितिक में सक्रीय थे। उन पर नक्सलियों ने पुलिस मुखबीर होने का आरोप लगाया, उन्होंने मेघनाथ पर परिवार सहित गाँव छोड़ने के लिए दबाव बनाना शुरू किया। साल 2005 में नक्सली उनके घर आए, तोड़फोड़ की और सारा सामान लूट ले गये। मेघनाथ ने गाँव छोड़ दिया, 2007 में वे खेती करने गाँव वापस लौटे। गाँव लौटने की खबर नक्सलियों तक पहुंची और उन्होंने उसे जान से मार दिया।

शत्रुघन के पीछे उनके परिवार में उनकी माँ, छोटा भाई, पत्नी और 4 बच्चे हैं। उनका बड़ा बेटा स्कूल जाता है, एक बेटी और 2 बेटे अभी छोटे हैं। शत्रुघन की पत्नी रजाए अपने दूधमुहे बच्चे को सीने से लगा कर समझा रही थीं कि तुम्हारे पिता लौटेंगे, उसे पता है वह अब वापस नहीं लौटेंगे। शत्रुघन पिता की मौत के बाद परिवार के मुखिया थे। उनकी पांच एकड़ की खेती है, खेती के अलावा शत्रुघन रोज़ी मजदूरी कर परिवार का पेट पाल रहे थे।

Share on facebook
Facebook
Share on twitter
Twitter
Share on whatsapp
WhatsApp