Victims Register

अब तो घर में आय का कोई साधन भी नहीं है...

Published 15 February 2021

Gavendra Deshmukh 15thFebruary 2020

छत्तीसगढ़ का बीजापुर जिला महाराष्ट्र और तेलंगाना राज्य की सीमा से लगा है। अंतरराज्य सीमा और घने वनों के कारण बीजापुर में हमेशा नक्सली गतिविधियां होती रहती हैं।

बीजापुर जिले का उसूर ब्लॉक भी नक्सल प्रभावित ब्लॉक है। उसुर ब्लॉक के ग्राम मुरकीनार में सलवा जुडूम की शुरुआत के समय कई ग्रामीणों को नक्सलियों द्वारा जान से मार दिया गया था।

मृत लोगों में से एक थे लक्षमैया यालम। यालम 2005 में ही सलवा जुडूम से जुड़े थे, उन्हें लगा था कि सरकार की मदद करने से यह हिंसा खत्म होगी और जीवन स्तर सुधरेगा। उनकी पत्नी नस्सी बताती हैं, सरकार की ओर से सलवा जुडूम में जुड़ने का दबाव भी था और कई वादे भी किए गए थे। हमें सलवाजुड़ुम से काफी उम्मीदें थी। इन उम्मीदों के बदले मुझे मेरा पति खोना पड़ा।

वह आगे बताती है 14-12-2005 को लक्ष्मैया पास के गांव मोदकपाल के बाजार गए थे। वहां बाजार में उनकी बहन किराने की दुकान लगाया करती थी। वे अक्सर बाजार में अपनी बहन की मदद के लिए जाया करते थे। उस दिन नक्सलियों ने बाजार में दुकान के सामने ही उन्हें जान से मार दिया।जब घटना हुई तब नस्सी गांव में नहीं थी। वह पास के गांव गई थीं, गांव से घर पहुंचकर आराम कर रही थी। उन्हें कुछ लोगों ने आकर बताया।

आज लक्षमैया की मौत को 15 साल हो चुके हैं। उनकी मौत के बाद घर की सारी जिम्मेदारी नस्सी को ही निभानी होती है। उनके पास 3 एकड़ जमीन है। खेती का काम वे स्वयं करती है ताकि बच्चों की पढ़ाई में दिक्कत ना हो।

नस्सी के तीन बच्चे हैं, उनका बड़ा बेटा राजेश जगदलपुर में पढ़ाई करता है। उनके बाद एक और लड़का है जो भी के साथ ही रहकर पढ़ाई करता है। घर में आय का कोई साधन नहीं है, राजेश रोजी मजदूरी कर पढ़ाई करता है। उनकी एक बेटी भी है जिसे पढ़ाई छोड़नी पड़ी। घर का खर्च भी भी के जिम्मे है, पैसों की कमी के कारण उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी।

नस्सी अपने बच्चों के साथ एक कच्चे मकान में रहती हैं। मकान में कोई दूसरा कमरा भी नहीं है। कपड़ों से दीवार बनाकर एक छोटा किचन बनाया है। उन्हें शुरुआत में कुछ सरकारी मदद ज़रूर मिली थी पर आज भी वह अपनी मूलभूत जरूरतों को बड़ी मुश्किल से ही पूरा कर पाती है।

उन्हें ना ही नौकरी मिल पाई है, ना बच्चों को पढ़ाई में कोई मदद मिली है। बताती हैं कई साल दफ्तरों के चक्कर काट कर अब वह थक चुकी हैं। आने जाने में जो पैसा लगता है उसका इंतजाम भी बड़ी चुनौती है। वह मान चुकी हैं अब उन्हें कोई सहायता नहीं मिलेगी। उन्हें किसी से कोई उम्मीद नहीं। वे रोते हुए कहती हैं, बस जब तक हाथ पैर चल रहे हैं सब ठीक है।

Share on facebook
Facebook
Share on twitter
Twitter
Share on whatsapp
WhatsApp